बारिश के बीच जोहिला डैम ने दिखाया रौद्र रूप, एक साथ खुले पांच गेट

उमरिया में लगातार बारिश से जोहिला डैम का जलस्तर बढ़ने पर पांच गेट कुल 12 मीटर तक खोले गए। पानी के तेज बहाव का नजारा देखने लोगों की भीड़ पहुंच रही है। सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है।
Tapas Gupta (7999276090)

Tapas Gupta (7999276090)

Umaria | Updated: 09 Aug 2026, 12:01 PM IST | 1 min read
बारिश के बीच जोहिला डैम ने दिखाया रौद्र रूप, एक साथ खुले पांच गेट
Share:

उमरिया। जिले में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश का असर अब जोहिला डैम पर भी दिखाई देने लगा है। जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद रविवार को बांध प्रबंधन ने पांच गेट खोल दिए। गेट खुलते ही डैम से निकलते पानी का तेज बहाव देखने को मिला। नजारा इतना आकर्षक था कि गेट खुलने की खबर मिलते ही आसपास के लोग डैम पहुंचने लगे।

https://youtube.com/shorts/P_mXcmTJNe4?si=I_Gx7P8ZQNvICtuL

जोहिला बांध प्रबंधन के अनुसार पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए गेट नंबर 2 को 2 मीटर, गेट नंबर 3 को 3 मीटर, गेट नंबर 4 को 3 मीटर, गेट नंबर 5 को 2 मीटर और गेट नंबर 6 को 2 मीटर तक खोला गया है। पांचों गेट मिलाकर कुल 12 मीटर तक पानी की निकासी की जा रही है।

पहली बार एक साथ खुले पांच गेट

बारिश के इस मौसम में पहली बार जोहिला डैम के पांच गेट एक साथ खोले गए हैं। जैसे ही इसकी जानकारी लोगों तक पहुंची, लोग डैम का नजारा देखने के लिए पहुंचने लगे। शिवम गुप्ता ने बताया कि पांच गेट खुलने की जानकारी मिलते ही वह डैम पहुंच गए। उन्होंने कहा कि एक साथ पांच गेटों से पानी निकलते देखना काफी अद्भुत अनुभव है।

वहीं माला गुप्ता ने बताया कि डैम से पानी के तेज बहाव का दृश्य काफी आकर्षक है। एक साथ पांच गेट खुले देखना रोज-रोज देखने को नहीं मिलता। सूचना मिलने के बाद धीरे-धीरे अन्य लोग भी यहां पहुंच रहे हैं।

नजारा देखने पहुंच रहे लोग, सुरक्षा कर्मी तैनात

डैम के गेट खुलने के बाद बड़ी संख्या में लोग पानी के बहाव को देखने पहुंच रहे हैं। हालांकि प्रशासन और बांध प्रबंधन ने सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। पानी के नजदीक जाने से रोकने के लिए सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। लोगों को भी तेज बहाव वाले क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।

24 घंटे में 10.9 मिलीमीटर बारिश

अधीक्षक भू-अभिलेख के अनुसार जिले में पिछले 24 घंटे में कुल 10.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बांधवगढ़ तहसील में 5.7, मानपुर में 38.6, पाली में 10.8, नौरोजाबाद में 7.2, चंदिया में 7.1, करकेली में 4.9 और बिलासपुर में 1.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है।

1 जून से 9 अगस्त तक जिले में कुल 514.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बांधवगढ़ में 613.9, मानपुर में 466.2, पाली में 586.4, नौरोजाबाद में 571.8, चंदिया में 430.7, करकेली में 545.4 और बिलासपुर में 385 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है।

पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में 846.4 मिलीमीटर बारिश हुई थी। हालांकि इस वर्ष अब तक बारिश पिछले साल की तुलना में कम है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण जोहिला डैम में पानी की आवक बढ़ी है। इसी को देखते हुए पांच गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।

फिलहाल जोहिला डैम से निकलता पानी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, लेकिन प्रशासन की ओर से सुरक्षा को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Comments (0)