जमोड़ी पुलिस की तत्परता से चार चोरी की वारदातों का हुआ खुलासा

Sidhi news: सीधी जिले के जमोड़ी थाना पुलिस ने चार अलग-अलग चोरी की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹2,60,200 मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद किया है।
Abhinay Shukla

Abhinay Shukla

Sidhi | Updated: 07 Aug 2026, 01:07 AM IST | 1 min read
जमोड़ी पुलिस की तत्परता से चार चोरी की वारदातों का हुआ खुलासा
Share:

सीधी जिले के जमोड़ी थाना पुलिस ने चार अलग-अलग चोरी की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹2,60,200 मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, जून एवं जुलाई 2026 के दौरान थाना जमोड़ी क्षेत्र के दक्षिण करौदिया एवं नौढिया में हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। इन मामलों में घरों से टैबलेट, स्मार्ट वॉच, पावर बैंक, नगदी तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए थे।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने तीनों चोरी की घटनाओं को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रेडमी कंपनी का टैबलेट, स्मार्ट वॉच, पावर बैंक, एक सोने की चेन, तीन जोड़ी चांदी की पायल, तीन चांदी की बिछिया तथा ₹21,700 नगद बरामद किए। इन तीनों मामलों में कुल ₹2,38,700 मूल्य का मशरूका बरामद हुआ। पूछताछ में बालक ने बताया कि चोरी की कुछ नगदी उसने शराब पीने और दोस्तों के साथ पार्टी करने में खर्च कर दी।

वहीं, एक अन्य चोरी के मामले में 1 अगस्त 2026 को मधुरी कोठार निवासी राजा प्रसाद मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 जुलाई और 1 अगस्त की दरमियानी रात उनके घर से दो ओप्पो कंपनी के स्मार्टफोन और ₹10,000 नगद चोरी हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर राजू मिश्रा उर्फ रिंकू (22 वर्ष) तथा जतिन उर्फ लकी उर्फ राइडर सोंधिया (19 वर्ष), दोनों निवासी मधुरी कोठार, को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से दो ओप्पो स्मार्टफोन तथा ₹6,500 नगद बरामद किए गए।

चारों प्रकरणों में पुलिस ने कुल ₹2,60,200 मूल्य का मशरूका बरामद कर लिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक आर.डी. साकेत, प्रधान आरक्षक गुरूप्रसन्न सिंह, आजाद खान, जगमोहन पनिका, आरक्षक नीरज पाराशर, योगेश जाटव एवं मानेन्द्र शुक्ला की सराहनीय भूमिका रही।

Comments (0)