E7 Live की खबर का असर: गड्ढों वाली सड़क पर पहुंचा PWD, ईई ने किया निरीक्षण

E7 Live की खबर का असर हुआ है। पाली प्रोजेक्ट से एमपीईबी कॉलोनी मार्ग की बदहाली पर PWD के कार्यपालन यंत्री अर्नव गुहा मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने बारिश के कारण फिलहाल अस्थायी मरम्मत कर गड्ढे भरने और जल्द राहत देने का आश्वासन दिया।
Tapas Gupta (7999276090)

Tapas Gupta (7999276090)

Umaria | Updated: 21 Sep 2026, 01:57 PM IST | 1 min read
E7 Live की खबर का असर: गड्ढों वाली सड़क पर पहुंचा PWD, ईई ने किया निरीक्षण
Share:

उमरिया जिले के पाली प्रोजेक्ट से एमपीईबी कॉलोनी को जोड़ने वाली बदहाल सड़क को लेकर E7 Live की खबर का असर देखने को मिला है। सड़क की दुर्दशा और गड्ढों के कारण राहगीरों और स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी की खबर सामने आने के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग हरकत में आया। विभाग के कार्यपालन यंत्री अर्नव गुहा मौके पर पहुंचे और सड़क का निरीक्षण किया।

बारिश के कारण सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी मार्ग से स्कूली बच्चों के साथ आसपास के गांवों के ग्रामीण भी रोजाना आवागमन करते हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की थी।

मौके पर पहुंचकर ईई ने देखी सड़क की हालत

खबर सामने आने के बाद पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री अर्नव गुहा ने मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की मौजूदा स्थिति को देखा और गड्ढों की समस्या को लेकर आवश्यक जानकारी जुटाई।

अर्नव गुहा ने बताया कि उनके द्वारा आज सड़क का निरीक्षण किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क पर बने गड्ढों की जल्द मरम्मत कराई जाएगी।

बारिश के चलते फिलहाल पक्की मरम्मत मुश्किल

कार्यपालन यंत्री ने बताया कि वर्तमान में बारिश का मौसम चल रहा है। लगातार बारिश के कारण अभी पक्की मरम्मत करना संभव नहीं है। हालांकि, लोगों की परेशानी को देखते हुए विभाग अस्थायी व्यवस्था करेगा।

उन्होंने कहा कि जल्द ही टेंपरेरी ट्रीटमेंट कराकर सड़क के गड्ढों को भरवा दिया जाएगा, जिससे बारिश के दौरान राहगीरों को आवागमन में राहत मिल सके।

गड्ढों में गुम हुई पाली प्रोजेक्ट की सड़क, रोज जोखिम में स्कूली बच्चे और राहगीर https://mp.newse7live.com/madhyapradesh-news/story/--1788170723

👆🏻👆🏻👆🏻👆🏻👆🏻👆🏻

खबर के बाद जागा विभाग, अब लोगों को काम का इंतजार

सड़क की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया था। E7 Live ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया।

अब स्थानीय लोगों की नजर पीडब्ल्यूडी की कार्रवाई पर है। लोगों को उम्मीद है कि अस्थायी मरम्मत से फिलहाल राहत मिलेगी और बारिश के बाद सड़क की स्थायी मरम्मत भी कराई जाएगी।

Comments (0)