गड्ढों में गुम हुई पाली प्रोजेक्ट की सड़क, रोज जोखिम में स्कूली बच्चे और राहगीर

उमरिया के पाली प्रोजेक्ट से एमपीईबी कॉलोनी को जोड़ने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। बारिश में जलभराव और कीचड़ से राहगीरों व स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने मरम्मत की मांग की। पीडब्ल्यूडी ने दो दिन में काम शुरू करने का आश्वासन दिया है।
Tapas Gupta (7999276090)

Tapas Gupta (7999276090)

Umaria | Updated: 18 Sep 2026, 09:42 AM IST | 1 min read
गड्ढों में गुम हुई पाली प्रोजेक्ट की सड़क, रोज जोखिम में स्कूली बच्चे और राहगीर
Share:

 पाली प्रोजेक्ट से एमपीईबी कॉलोनी को जोड़ने वाली सड़क इन दिनों बदहाली की ऐसी तस्वीर पेश कर रही है, जिसे देखकर यह समझना मुश्किल हो जाता है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों के बीच कहीं सड़क बची भी है। पूरी सड़क जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से राहगीरों की परेशानी और बढ़ गई है।

यह मार्ग केवल कॉलोनी तक पहुंचने का रास्ता नहीं है, बल्कि आसपास के कई गांवों के लोगों के आवागमन का भी प्रमुख माध्यम है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि इसी खराब सड़क से स्कूली बच्चे भी रोजाना गुजरते हैं। सुबह स्कूल जाने और छुट्टी के बाद घर लौटने के दौरान बच्चों को गड्ढों और कीचड़ के बीच से होकर निकलना पड़ता है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।

गड्ढों में सड़क तलाशते हैं राहगीर

राहगीर अंकित मिश्रा ने बताया कि पाली प्रोजेक्ट से एमपीईबी कॉलोनी को जोड़ने वाली सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। उन्होंने कहा कि सड़क पर इतने गड्ढे हो चुके हैं कि वाहन चलाते समय यह समझना मुश्किल हो जाता है कि आगे सड़क है या गड्ढा। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि पानी भरने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।

अंकित मिश्रा के मुताबिक, सड़क की समस्या को लेकर स्थानीय अधिकारियों को कई बार जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

भाजपा नेता ने कलेक्टर से बात करने का दिया भरोसा

मामले को लेकर भाजपा नेता अर्जुन सिंह सैयाम ने कहा कि सड़क की समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में कलेक्टर से चर्चा करेंगे और सड़क की मरम्मत जल्द शुरू कराने का आग्रह करेंगे, ताकि स्कूली बच्चों सहित आम लोगों को राहत मिल सके।

पीडब्ल्यूडी ने दो दिन में मरम्मत का किया दावा

वहीं मामले में पीडब्ल्यूडी से जुड़े अर्नव गुहा से बात की गई तो उन्होंने सड़क की स्थिति को लेकर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा।

अब देखना यह होगा कि विभाग का यह आश्वासन गड्ढों में तब्दील सड़क को वास्तव में राहत देता है या फिर लोगों को एक बार फिर मरम्मत का इंतजार करना पड़ेगा। फिलहाल बारिश के बीच इस सड़क से गुजरने वाले हर व्यक्ति के लिए सफर किसी चुनौती से कम नहीं है।

Comments (0)