उमरिया। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब केवल नदी-नालों और सड़कों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि शासकीय कार्यालयों की व्यवस्थाएं भी इसकी चपेट में आ गई हैं। बिरसिंहपुर पाली स्थित तहसील कार्यालय में बारिश के दौरान छत से पानी टपकने की समस्या सामने आई है। स्थिति यह है कि तहसीलदार कोर्ट और नायब तहसीलदार कोर्ट के कक्षों में भी पानी टपक रहा है, जिससे कर्मचारियों को कामकाज करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश शुरू होते ही तहसील कार्यालय की छत से कई स्थानों पर पानी टपकने लगता है। कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों को अपने दस्तावेज, फाइलें और जरूरी सामान पानी से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है। लगातार पानी टपकने से कार्यालय के भीतर फर्श पर भी पानी जमा होने की स्थिति बन रही है। ऐसे में कर्मचारियों के लिए सामान्य तरीके से काम करना मुश्किल हो रहा है।
सबसे अहम बात यह है कि तहसील कार्यालय में संचालित न्यायालयीन कक्ष भी इस समस्या से अछूते नहीं हैं। तहसीलदार न्यायालय और नायब तहसीलदार न्यायालय में पानी टपकने के कारण न्यायालयीन कार्य के दौरान भी परेशानी पैदा हो रही है। इन कक्षों में राजस्व से जुड़े महत्वपूर्ण प्रकरणों की सुनवाई होती है और बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में बारिश के बीच कार्यालय की यह स्थिति लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बन रही है।
बताया जाता है कि बिरसिंहपुर पाली तहसील कार्यालय भवन का निर्माण वर्ष 2008 में हुआ था। निर्माण के करीब 18 वर्ष बाद भवन की छत से पानी टपकने की समस्या सामने आने से भवन के रखरखाव और मरम्मत को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार बारिश के बीच यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण शासकीय रिकॉर्ड और दस्तावेज भी प्रभावित हो सकते हैं।
इस मामले में जब पाली तहसीलदार निलेश सिंह से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि कार्यालय में पानी टपकने की जानकारी उनके माध्यम से उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया गया है और आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद है।
फिलहाल जिले में बारिश का दौर जारी है और ऐसे में तहसील कार्यालय की छत से पानी टपकना कर्मचारियों के लिए नई परेशानी बन गया है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या का अस्थायी इंतजाम करता है या फिर पुराने भवन की छत की स्थायी मरम्मत कराकर कर्मचारियों और आम लोगों को राहत दिलाता है।
Comments (0)