नाग पंचमी के पावन अवसर पर सोमवार को बिरसिंहपुर पाली में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। उमरिया जिले की सुप्रसिद्ध विशाल कावड़ यात्रा में करीब 5 हजार कावड़िए शामिल हुए। आदिशक्ति जगत जननी माँ बिरासिनी शक्तिपीठ से शुरू हुई यात्रा ग्राम बरबसपुर स्थित पंचलेश्वर धाम पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कावड़ यात्रा में बिरसिंहपुर पाली सहित आसपास के नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। श्रद्धालु स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर मैदान में एकत्रित हुए, जिसके बाद झिरिया कुंड से पवित्र जल भरकर माँ बिरासिनी मंदिर पहुंचे। यहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कावड़ यात्रा का शुभारंभ किया गया। श्रद्धालुओं ने पैदल यात्रा करते हुए पंचलेश्वर धाम बरबसपुर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ सहित 12 शिवलिंगों का जलाभिषेक किया।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में माँ बिरासिनी सेवा समिति की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। समिति के पदाधिकारियों और सेवादारों ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संभाला। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद यात्रा का सुव्यवस्थित संचालन समिति के सेवाभाव और समर्पण को दर्शाता रहा।
यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और धर्मप्रेमी लोगों द्वारा कावड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर जलपान और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई। स्वागत के दौरान शिवभक्तों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
यात्रा के समापन अवसर पर माँ बिरासिनी सेवा समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी। धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम का आनंद लिया।
पूरी यात्रा के दौरान शासन-प्रशासन का सहयोग भी प्राप्त हुआ। सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय रहीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
उल्लेखनीय है कि पिछले तीन वर्षों से लगातार आयोजित हो रही यह कावड़ यात्रा अब बिरसिंहपुर पाली के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल हो चुकी है। पूज्य श्री श्री 1008 श्री भगतगिरी (बच्चू महाराज) जी के सानिध्य में आयोजित इस यात्रा ने श्रद्धा के साथ सेवा, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
क्षेत्रवासियों ने कावड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए माँ बिरासिनी सेवा समिति के पदाधिकारियों और सेवादारों के प्रयासों की सराहना की। समिति की मेहनत और सेवाभाव के चलते हजारों शिवभक्तों ने सुरक्षित एवं भक्तिमय वातावरण में यात्रा पूरी कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
Comments (0)