स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, सराहनीय एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं योग प्रशिक्षक को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता, संवेदनशीलता, साहस और समर्पण के साथ किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर विकास मिश्रा, विधायक सीधी रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, वनमण्डलाधिकारी प्रीति अहिरवार तथा देव कुमार सिंह चौहान ने सम्मानित व्यक्तियों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना एवं अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य के लिए अंकिता तिवारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास सीधी को सम्मानित किया गया। उनके द्वारा कृषि क्षेत्र से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की गई।
राजस्व कलेक्टर कार्यालय सीधी की भू-अर्जन शाखा में उत्कृष्ट कार्य के लिए स्वतंत्रता त्रिपाठी एवं मुकेश मिश्रा, सहायक ग्रेड-3 को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। भू-अर्जन शाखा में सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में उनके उत्कृष्ट कार्य एवं योगदान की सराहना की गई।
इसी प्रकार 2 अप्रैल 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित साधना (मिशन कर्मयोगी) सप्ताह प्रशिक्षण कार्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए सुशील कुमार खाटिक एवं मोनेन्द्र कुमार पाण्डेय, उच्च माध्यमिक शिक्षक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जूरी को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए भूपेश बैस, उप निरीक्षक एवं थाना प्रभारी यातायात, जिला सीधी को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। उनके द्वारा पीएम राहत योजना के अंतर्गत ब्लैक स्पॉट्स में सुधार, राहवीर योजना तथा यातायात प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया गया।
नारकोटिक्स संबंधी विभिन्न कार्यवाहियों एवं नशामुक्ति अभियान में सराहनीय योगदान के लिए रामभुवन मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक एवं डीसीबी शाखा प्रभारी को सम्मानित किया गया। उनके द्वारा नशे के विरुद्ध की गई विभिन्न कार्यवाहियों एवं नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने में किए गए योगदान की सराहना की गई।
चौकी खड्डी में पदस्थ आरक्षक 81 रविन्द्र सिंह को संकट की स्थिति में तत्काल तत्परता दिखाते हुए फांसी लगाने का प्रयास कर रहे व्यक्ति के मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचाने के लिए सम्मानित किया गया। उनके त्वरित निर्णय, साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवीय संवेदनशीलता को विशेष रूप से सराहा गया।
पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को योग प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए आराधना सिंह, योग प्रशिक्षक, योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन को भी प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। उनके द्वारा पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को नियमित योग प्रशिक्षण प्रदान कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।
Comments (0)