मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान और हर घर तिरंगा अभियान पर विशेष फोकस

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर विकास मिश्रा ने दिए व्यापक जनभागीदारी और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश
Abhinay Shukla

Abhinay Shukla

Sidhi | Updated: 17 Aug 2026, 02:42 PM IST | 1 min read
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान और हर घर तिरंगा अभियान पर विशेष फोकस
Share:

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, हर घर तिरंगा अभियान एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण तथा आमजन को निर्धारित सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

 

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में एल-1 स्तर पर प्रभावी निराकरण

 

सीधी कलेक्टर ने कहा कि इस सप्ताह विकासखंड सीधी में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई से संबंधित लंबित शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एल-1 स्तर पर शिकायतों का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतों को अनावश्यक रूप से अगले स्तर पर भेजने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए।

उन्होंने कहा कि शिकायत का निराकरण केवल पोर्टल पर जवाब दर्ज करने तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदक की समस्या का वास्तविक एवं संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करते हुए नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत यह प्रक्रिया सभी विकासखंडों में सतत रूप से जारी रहेगी।

हर घर तिरंगा अभियान में दिखे व्यापक जनसहभागिता

बैठक में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भी विस्तृत कार्ययोजना की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि 9 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित अभियान को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना के साथ व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाया जाए। उन्होंने एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को अभियान का प्रभावी नेतृत्व करने के निर्देश दिए।

अभियान के तहत 11 अगस्त को रामपुर नैकिन, 12 अगस्त को सिहावल, 13 अगस्त को मझौली एवं सेमरिया तथा 14 अगस्त को जिला मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 16 अगस्त को सांस्कृतिक गतिविधियां और 17 अगस्त को रंगोली प्रतियोगिता आयोजित होगी।

सीधी कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम बनकर न रहे, बल्कि इसे जन-जन का अभियान बनाया जाए।

उन्होंने कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाइक रैली में हेलमेट अनिवार्य रहेगा। अभियान के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को भी विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में

कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में प्रातः 9 बजे आयोजित होने वाले जिलास्तरीय समारोह की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। समारोह में मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण किया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि 13 अगस्त को अंतिम ड्रेस रिहर्सल अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाए तथा सभी संबंधित विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। 14 एवं 15 अगस्त को जिले के सभी शासकीय भवनों में रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

छात्रावासों में बच्चों के साथ भोजन करेंगे अधिकारी

कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र के छात्रावासों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी छात्रावासों में बच्चों के साथ भोजन कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करें। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन के साथ नाश्ता अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। छात्रावासों एवं विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और नियमितता की भी सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

 

गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण और 108 सेवा की होगी निगरानी

 

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की तथा वहां भर्ती बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सीधी कलेक्टर ने 108 एम्बुलेंस सेवा की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में मैदानी स्तर पर सतत निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

 

समय-सीमा के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण

बैठक के अंत में विभिन्न विभागों के समय-सीमा में लंबित प्रकरणों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली का मूल उद्देश्य नागरिकों को समय पर सेवाएं, योजनाओं का लाभ और उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है। इस दिशा में सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

वहीं बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, उपखंड अधिकारी मझौली संजीव कुमार पाण्डेय, गोपद बनास प्रिया पाठक, सिहावल राकेश शुक्ला, रामपुर नैकिन अजय शर्मा, कुसमी सागर जैन सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments (0)