← Back to Article
A modern news portal
NewsPortal
www.mp.newse7live.com
📅 Date: 05/08/2026
|
✍️ Editor: Manoj Kumar
|
📞 Contact: +91 9876543210
|
Price: Free

प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव की मांग तेज, नहीं हुए डायरेक्ट चुनाव तो आंदोलन करेगी NSUI

उमरिया में NSUI ने उच्च न्यायालय के छात्रसंघ चुनाव संबंधी निर्देश का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार से सितंबर में प्रत्यक्ष (डायरेक्ट) प्रणाली से चुनाव कराने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन चलाया जाएगा।

Featured

By Reporter

 

उमरिया 

 भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) जिला उमरिया ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर अपनी मांग एक बार फिर मुखर करते हुए प्रदेश सरकार से सभी महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रत्यक्ष (डायरेक्ट/प्रेसिडेंशियल) प्रणाली से चुनाव कराने की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए गए तो प्रदेशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

 

बुधवार को उमरिया स्थित स्वाद रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में NSUI पदाधिकारियों ने प्रदेश सचिव अदनान अंसारी की याचिका पर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर द्वारा अकादमिक कैलेंडर 2026-27 के अनुसार सितंबर माह में छात्रसंघ चुनाव कराने के निर्देशों का स्वागत किया। साथ ही सरकार से मांग की गई कि चुनाव केवल औपचारिकता न बनें, बल्कि विद्यार्थियों को अपने प्रतिनिधि सीधे चुनने का अधिकार भी मिले।

 

जिला कांग्रेस महासचिव पुष्पराज सिंह ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को समान रूप से मतदान का अधिकार मिलना चाहिए, इसलिए चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद अब राज्य सरकार को बिना देरी किए अधिसूचना जारी कर सितंबर में छात्रसंघ चुनाव सुनिश्चित करना चाहिए।

 

NSUI जिला अध्यक्ष मो. असलम शेर ने कहा कि संगठन लंबे समय से प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव की मांग कर रहा है। उनका कहना था कि अप्रत्यक्ष प्रणाली में अधिकांश छात्र-छात्राएं अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग नहीं कर पाते, जिससे उनकी भागीदारी सीमित हो जाती है। इसलिए प्रदेश के सभी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में डायरेक्ट प्रणाली लागू की जानी चाहिए।

 

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव नहीं कराती है तो NSUI प्रदेशभर में लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। संगठन जिलेभर में छात्र संवाद, ज्ञापन, जनजागरण अभियान और अन्य लोकतांत्रिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों की आवाज बुलंद करेगा।

 

प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के मनोज सिंह, NSUI जिला उपाध्यक्ष कृष्णकांत तिवारी, कॉलेज अध्यक्ष आकाश द्विवेदी, NSUI सचिव रचना यादव, हेमलता, दीपाक्षी सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

www.mp.newse7live.com