By Reporter
सीधी जिले में संचालित दस्तक अभियान एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में संचालित दस्तक अभियान एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग के क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नागेंद्र बिहारी दुबे तथा कार्यालयीन लिपिक प्रकाश कुमार पांडे ने विकासखंड सीधी अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र बढ़ौरा का औचक निरीक्षण किया।
वहीं निरीक्षण के दौरान उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अवकाश पर थीं, जबकि एएनएम पॉलीक्सीना मिश्रा एवं बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता कपिल मुनि पांडे केंद्र में उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों एवं माइक्रोप्लान का परीक्षण किया गया। माइक्रोप्लान के अनुसार टीकाकरण दिवस के अतिरिक्त अन्य दिनों में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दस्तक अभियान के अंतर्गत क्षेत्र में भ्रमण कर घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना एवं अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जाना निर्धारित है। इसके बावजूद दोनों स्वास्थ्य कर्मी केंद्र में उपस्थित पाए गए।
इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. खरे ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना दस्तक अभियान की मूल भावना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
वहीं निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा भी की। अभिलेखों के आधार पर दल ने निकटवर्ती समुदाय में विश्वकर्मा परिवार के घर पहुंचकर प्रदान की गई स्वास्थ्य सेवाओं का भौतिक सत्यापन किया तथा हितग्राहियों से चर्चा कर सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने कहा कि दस्तक अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी मैदानी स्वास्थ्य कर्मियों का नियमित क्षेत्र भ्रमण आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मी अपने निर्धारित क्षेत्र में जाकर सेवाएं प्रदान करें तथा सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में दस्तक अभियान सहित अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सघन मॉनिटरिंग निरंतर जारी रहेगी तथा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।