By Reporter
पुलिस की दबिश में 9 जुआरी गिरफ्तार, नकदी-मोबाइल और वाहनों समेत 6.50 लाख रुपये का मशरूका जब्त
शहर में अवैध रूप से संचालित जुए के फड़ पर उमरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कैम्प उमरिया में एक मकान के ऊपर बने कमरे में ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाई जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर मौके से 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 75 हजार 205 रुपये नगद, 9 मोबाइल फोन और 4 दोपहिया वाहन सहित कुल 6 लाख 50 हजार 205 रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 6 अगस्त को थाना कोतवाली पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोनू नाहर द्वारा कैम्प उमरिया स्थित अपने मकान के ऊपर बने कमरे में जुआ संचालित किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना कोतवाली और चौकी सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की।
ताश के पत्तों पर लग रही थी हार-जीत की बाजी
पुलिस की कार्रवाई के दौरान कमरे में 9 लोग ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते पाए गए। पुलिस ने मौके से 75,205 रुपये नगद बरामद किए। इसके अलावा 9 मोबाइल फोन, 4 दोपहिया वाहन और ताश की 8 गड्डियां भी जब्त की गईं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 3 हजार रुपये और दोपहिया वाहनों की कीमत करीब 2 लाख 72 हजार रुपये बताई गई है।
नकदी के साथ यूपीआई से भी हो रहा था लेन-देन
जांच में पुलिस के सामने जुए के कारोबार से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया। पुलिस के अनुसार जुए में हार-जीत की रकम का लेन-देन केवल नगद में ही नहीं हो रहा था, बल्कि मोबाइल फोन में उपलब्ध यूपीआई माध्यमों, जैसे फोन पे आदि, के जरिए भी भुगतान किया जा रहा था। पुलिस ने डिजिटल लेन-देन से जुड़े तथ्यों को जांच में शामिल किया है और साइबर सेल की मदद से संबंधित ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है।
9 आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 428/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 3/4 पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट, 1867 के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में फिरदोस अली, नीरज गुप्ता, नितिन कुमार बजाज, आनंद सिंह लोधी, कमलेश सिंह, अनिल अमरानी, सतेन्द्र सिंह, मोबीन खान और सोनू नाहर शामिल हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा के मार्गदर्शन और एसडीओपी पी.एस. परस्ते के नेतृत्व में की गई। रेड कार्रवाई में थाना कोतवाली, चौकी सिविल लाइन और साइबर सेल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।