By Reporter
सीधी में बदहाल बिजली व्यवस्था पर शिवसेना का प्रदर्शनात्मक रुख, अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन; सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
एमपी के सीधी जिले में लगातार सामने आ रही बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर गुरुवार शाम शिवसेना के पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एस.के. सिंह बघेल से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। शिवसेना संगठन ने जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में खराब विद्युत व्यवस्था, जले ट्रांसफार्मर, टूटे हुए बिजली तार, अनियमित आपूर्ति और उपभोक्ताओं को मिल रहे कथित गलत बिजली बिलों का मुद्दा उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
इस मामले मे शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने बताया कि पटपरा, पिपरहा, लहिया, कुसियार, उकरहा, खड्डी, बढ़ौरा-सेमरिया सहित जिले की अनेक पंचायतों में लंबे समय से विद्युत व्यवस्था चरमराई हुई है। जहा कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को दिनों तक बिजली नहीं मिल रही है, जबकि कुछ बस्तियों और टोलों तक अब भी बिजली सुविधा पूरी तरह नहीं पहुंच सकी है। वही इसके अलावा उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से अधिक बिजली बिल मिलने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं।
इस ज्ञापन मिलने के बाद अधीक्षण अभियंता एस.के. सिंह बघेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल फोन पर चर्चा की और आवश्यक निर्देश जारी किए। बिजली विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई।
वही,अधीक्षण अभियंता एस.के. सिंह बघेल ने बताया कि विभाग सभी शिकायतों की जांच कराएगा। अब जिन उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर, लाइन या बिल संबंधी कोई समस्या है, वहां क्षेत्रीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भेजकर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जहा विवेक पांडे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो शिवसेना जनहित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
जहा अब गुरुवार शाम करीब 6 बजे सौंपे गए इस ज्ञापन के दौरान शिवसेना जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल उर्फ भोले, नगर अध्यक्ष जैनेंद्र सिंह चौहान उर्फ मुन्ना, जिला महामंत्री आशीष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।